Breaking: किसान बने राहुल गांधी, सिर पर गमछा बांधकर की हंसिया से धान की कटाई
RAIPUR (Rahul Gandhi). दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे राहुल गांधी अचानक किसान बन गए। नवा रायपुर के कटिया गांव में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज अचानक किसानों के बीच पहुंच गए। राहुल गांधी ने किसानों के साथ मुलाकात की। इतना ही नहीं राहुल गांधी वहां सिर पर गमछा बांधकर और हंसिया लेकर धान की कटाई की। इसके साथ ही राहुल गांधी ने वहां किसानों के साथ बातचीत की और धान कटाई की जानकारी ली।
सोशल मीडिया पर किया ये पोस्ट
राहुल गांधी ने धान काटते हुए यह फोटो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा है, किसान खुशहाल तो भारत खुशहाल है। आगे पोस्ट में उन्होंने छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए कांग्रेस सरकार के 5 सबसे बेहतरीन काम के बारे में भी बताया और आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के बेहतरीन काम से यहां के किसानों को भारत में सबसे खुशहाल बनाया।
राहुल गांधी ने आगे लिखा- एक ऐसा मॉडल जिसे हम पूरे भारत में दोहराएंगे।
- धान पर MSP ₹2,640/क्विंटल
- 26 लाख किसानों को ₹23,000 करोड़ की इनपुट सब्सिडी
- 19 लाख किसानों का ₹10,000 करोड़ का कर्ज़ा माफ
- बिजली का बिल आधा
- 5 लाख कृषि मज़दूरों को ₹7,000/वर्ष
कुली भी बन चुके हैं राहुल
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत भी मौजूद थे। बतादें यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी अचानक आम लोगों के बीच गए हो। इससे पहले भी राहुल गांधी कभी किसानों के साथ तो कभी कुली और ड्राइवर के साथ ट्रक की सवारी करते नजर आए।